



नवगछिया । महात्मा गांधी के प्रपौत्र और प्रसिद्ध समाजसेवी तुषार गांधी 19 जुलाई को बिहपुर के बहुजन चेतना केन्द्र में आयोजित जनसभा में शामिल होंगे और वहां उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। उनके स्वागत एवं कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने को लेकर शनिवार को बहुजन चेतना केन्द्र, बिहपुर में एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता सामाजिक न्याय के नेता गौतम कुमार प्रीतम ने की तथा संचालन रवीन्द्र कुमार सिंह ने किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि तुषार गांधी के आगमन पर होने वाले स्वागत सह जनसभा कार्यक्रम को भव्य रूप से संपन्न किया जाएगा। इसके लिए 11 सदस्यीय संयोजन समिति का गठन किया गया, जिसमें गौतम कुमार प्रीतम को संयोजक नियुक्त किया गया।
बैठक में तय किया गया कि एक हज़ार से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी और बिहपुर की ऐतिहासिक विरासत व स्वतंत्रता संग्राम में इसके योगदान पर चर्चा की जाएगी।

संयोजन समिति की ओर से प्रेस को जानकारी देते हुए गौतम कुमार प्रीतम ने बताया कि तुषार गांधी के साथ-साथ मध्यप्रदेश के वरिष्ठ किसान नेता और पूर्व विधायक डॉ. सुनीलम, युसूफ मेहरअली सेंटर (मुंबई) से गुड्डी, राजीव गांधी फाउंडेशन (दिल्ली) से विजय प्रताप, राष्ट्र सेवा दल के पूर्व अध्यक्ष शाहीद कमाल सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति इस जनसभा में भाग लेने के लिए बिहपुर पहुंचेंगे।
जनसभा का आरंभ सुबह 9:30 बजे से होगा। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता आंदोलन में बलिदान देने वाले शहीदों के परिवारों को सम्मानित भी किया जाएगा। दोपहर 12:00 बजे कार्यक्रम समाप्त होने के उपरांत सभी अतिथि पटना के लिए रवाना होंगे।
संयोजन समिति में रवीन्द्र कुमार सिंह, मो. मोइन राईन, श्याम सक्सेना, विनोद सिंह निषाद, रणजीत मंडल, नसीब रविदास, राजेश पंडित, विजय पंडित, विभाष रविदास, पृथ्वी शर्मा एवं विमलेश मंडल को शामिल किया गया है।
यह कार्यक्रम न केवल सामाजिक चेतना को जागृत करने का प्रयास है, बल्कि बिहपुर की ऐतिहासिक पहचान और गौरव को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी है।













