



भागलपुर ।
भागलपुर के समीक्षा भवन में सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में जिले की आधारभूत संरचनाओं की प्रगति को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंताओं ने भाग लिया।
जिलाधिकारी ने बैठक में स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिले में आधारभूत संरचना से जुड़ी जितनी भी योजनाएं लंबित हैं, उन्हें तय समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी योजना में भूमि से संबंधित समस्या है या किसी प्रकार के समन्वय की आवश्यकता पड़ती है, तो संबंधित भूमि सुधार उप समाहर्ता एवं अनुमंडल पदाधिकारी से तुरंत संपर्क कर समन्वय स्थापित किया जाए। यदि इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं होता है, तो उसे जिला स्तर पर प्रस्तुत किया जाए ताकि शीघ्र निर्णय लिया जा सके।

डीएम ने शहरी क्षेत्र की सभी सड़कों की स्थिति पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने आरसीडी और बुडको के कार्यपालक अभियंताओं को संयुक्त रूप से निरीक्षण करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी सड़क पर गड्ढे न रहें। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी सड़कों को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए और वे वाहनों के सुगम आवागमन योग्य (मोटरेबल) बनी रहें।

भोलानाथ फुल के संबंध में भी आरसीडी और बुडको को आपसी समन्वय के साथ कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि जहां दो विभागों के बीच समन्वय की जरूरत होती है, वहां दोनों विभागों के कार्यपालक अभियंता संयुक्त रूप से कार्य स्थल का निरीक्षण करें और एक संयुक्त रिपोर्ट तैयार करें, जिसमें यह स्पष्ट हो कि कार्य को समय पर कैसे पूरा किया जा सकता है।
बैठक में जिला योजना पदाधिकारी मोनू कुमार, वरीय उप समाहर्ता सुधीर कुमार और अपर समाहर्ता (राजस्व) दिनेश राम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।













