



भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (JLNMCH) के नौलखा कोठी परिसर में रविवार को IDA अंग प्रदेश की ओर से भव्य ओरल कैंसर कॉन्क्लेव सह वार्षिक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभर से आए प्रतिष्ठित दंत विशेषज्ञों ने सहभागिता की और ओरल कैंसर की समय रहते पहचान, अत्याधुनिक उपचार विधियों तथा दंत चिकित्सा की नई तकनीकों पर विस्तृत विमर्श किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन JLNMCH के प्राचार्य डॉ. संदीप लाल, प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. दीनानाथ सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत बुके और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

वैज्ञानिक सत्र में कोलकाता की कैंसर विशेषज्ञ डॉ. आभा कुमारी, डॉ. हर्षधर, जमशेदपुर के डॉ. अमित कुमार तथा कोलकाता के प्रसिद्ध प्लास्टिक सर्जन डॉ. सब्यसाची बसु ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया। वक्ताओं ने ओरल कैंसर की बढ़ती चुनौतियों, रेडियोथेरेपी में हो रही नई प्रगति, हेड एंड नेक कैंसर की स्क्रीनिंग, तथा प्री-कैंसर स्थितियों की पहचान पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

कार्यक्रम के दौरान तंबाकू मुक्त समाज बनाने का संकल्प दोहराया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित जांच, जागरूकता बढ़ाने और प्रारंभिक लक्षणों की जानकारी से ओरल कैंसर के गंभीर मामलों को काफी हद तक रोका जा सकता है। साथ ही युवाओं में तेजी से बढ़ रहे तंबाकू सेवन पर चिंता जताते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिक्षा को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
कॉन्क्लेव में उपस्थित विशेषज्ञों ने जनता से अपील की कि वे तंबाकू उत्पादों से दूर रहें और किसी भी प्रकार के मौखिक लक्षणों की अनदेखी न करें, ताकि समय पर उपचार संभव हो सके।














