



भागलपुर : 10 से 14 दिसंबर तक डॉ. बी.आर. अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बिहार विश्वविद्यालय) द्वारा आयोजित अंतर-विश्वविद्यालय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जादवपुर विश्वविद्यालय, कोलकाता को 3–0 से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।

मैच के दौरान तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय की टीम ने खेल के हर सेट में दबदबा बनाए रखा। टीम के कप्तान सूरज कुमार ने पूरे आत्मविश्वास के साथ नेतृत्व किया, वहीं अंश आनंद, ऋषि राज और विश्वजीत ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई। खिलाड़ियों की रणनीति, तालमेल और अनुशासित खेल का स्तर दर्शकों और निर्णायकों को खासा प्रभावित कर गया।
टीम मैनेजर मोहम्मद शहाबुद्दीन (विभागाध्यक्ष, उर्दू विभाग एवं असिस्टेंट प्रोफेसर, मारवाड़ी कॉलेज) तथा टीम के कोच डॉ. बिपिन प्रसाद मंडल ने बताया कि खिलाड़ियों ने कठिन अभ्यास, लगन और मजबूत टीम भावना के दम पर यह सफलता हासिल की है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी मुकाबलों में भी टीम इसी ऊर्जा और जज्बे के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम और रोशन करेगी।

प्रतियोगिता में मिली यह जीत तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, जिससे टीम का मनोबल भी काफी ऊंचा हुआ है।













