


खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में बैडमिंटन इंडोर हॉल, भागलपुर में आयोजित राज्यस्तरीय अंतर-प्रमंडल विद्यालय बालक बैडमिंटन अंडर-14, 17 और 19 प्रतियोगिता 2025 का बुधवार को फाइनल मैच के साथ सफल समापन हुआ। मैच समाप्ति के बाद भव्य समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि नगर आयुक्त, नगर निगम भागलपुर एवं प्रबंध निदेशक स्मार्ट सिटी भागलपुर कुमार शुभम थे। विशिष्ट अतिथि अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) राकेश रंजन और बिहार बैडमिंटन संघ के सचिव एन. जायसवाल ने सभी विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। विशेष रूप से भागलपुर की पहचान सिल्क चादर भी विजेताओं को भेंट की गई, जिसे पाकर खिलाड़ियों ने आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला खेल पदाधिकारी जयनारायण कुमार द्वारा आगत अतिथियों को पौधा एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुई। मंच संचालन जिला एथलेटिक संघ भागलपुर के सचिव मो. नसर आलम ने किया।

इस अवसर पर शारीरिक शिक्षक संजीव कुमार, चंद्र भूषण कुमार, वरुण कुमार, कामना कुमारी, राकेश कुमार, राकेश कुमार मंडल, विक्की कुमार, जिला खेल कार्यालय के लिपिक सतीश चंद्र और मृणाल किशोर, कार्यपालक सहायक आमिर खान, कर्मी सुनील कुमार शर्मा, सुनील शर्मा, मानस कुमार यादव, जिला खो-खो संघ के रविकांत रंजन सहित कई लोग उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के दौरान फिजियोथैरेपिस्ट सुनील कुमार एवं उनकी टीम ने खिलाड़ियों को खेल के दौरान होने वाले मांसपेशी खिंचाव और चोटों का सफलतापूर्वक उपचार किया। वहीं बिहार राज्य खेल, पटना द्वारा प्रतिनियुक्त तकनीकी पदाधिकारियों ने लगातार चार दिनों तक उत्कृष्ट अंपायरिंग की। समापन समारोह में सभी तकनीकी पदाधिकारियों—मिथिलेश कुमार, राम कुमार सिंह, सूर्यकांत प्रताप, शेखर सुमन, अभिराज कुमार, संगम कुमार, आदित्य आर्या, रूपेश राज, राकेश कुमार, संज्ञान परमार और सुजीत कुमार—को मोमेंटो और शॉल देकर सम्मानित किया गया।
सभी प्रतियोगिताएँ नॉकआउट पद्धति से आयोजित की गईं। खेल विभाग द्वारा सभी खिलाड़ियों को निःशुल्क आवास, भोजन और आने-जाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
विभिन्न वर्गों के परिणाम इस प्रकार रहे—
अंडर-14 (सिंगल्स)
तिरहुत मंडल के प्रांजलवीर ने भागलपुर मंडल के ऋषभ सिंह को 21-16, 21-16 से हराया।
अंडर-14 (डबल्स)
तिरहुत के प्रांजलवीर एवं फैजल इकबाल की जोड़ी ने भागलपुर के ऋषभ सिंह और रोनित सिंह को 21-12, 21-19 से हराया।

अंडर-17 (सिंगल्स)
मुंगेर मंडल के असदुल्ला ने अपने ही मंडल के पराग सिंह को 21-18, 21-16 से हराया।
अंडर-17 (डबल्स)
तिरहुत के काव्य कश्यप और रहमते आलम ने पटना के निहार कुमार और अंकित कुमार को 21-13, 21-17 से पराजित किया।
अंडर-19 (सिंगल्स)
तिरहुत के गगनगूंज ने पटना के प्रत्यूष कुमार को 21-12, 15-21, 21-18 से हराया।
अंडर-19 (डबल्स)
पटना के प्रत्यूष कुमार एवं प्रिंस ने तिरहुत के आयुष राज एवं गंगागूंज को 21-12, 21-15 से पराजित किया।
प्रतियोगिता का सफल आयोजन खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी पदाधिकारियों और खेल विभाग के सहयोग से संपन्न हुआ।













