



नवगछिया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2025 के अवसर पर बाल भारती विद्यालय, गोशाला रोड परिसर में बाल भारती के दोनों विद्यालयों के संयुक्त तत्वावधान में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों एवं गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें बाल भारती विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पवन कुमार सर्राफ, उपाध्यक्ष अजय कुमार रुंगटा, सचिव अभय प्रकाश मुनका, संयुक्त सचिव प्रवीण कुमार केजरीवाल, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार गोपालका, कार्यकारिणी सदस्य नरेश कुमार केडिया, पंकज कुमार टिंबरेवाल, नीरज चिरानिया, गौरी शंकर सर्राफ, अभिषेक रुंगटा एवं अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे। मंच संचालन विद्यालय के प्रशासक डी. पी. सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के दोनों प्राचार्य नवनीत सिंह एवं कौशल किशोर जयसवाल ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए योग के लाभों एवं महत्व पर प्रकाश डाला। अध्यक्ष पवन कुमार सर्राफ ने कहा कि योग केवल शरीर की नहीं, मन और आत्मा की शुद्धि का माध्यम है। यह व्यक्ति को अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा देता है। सचिव अभय प्रकाश मुनका ने योग को भारत की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया इसकी महत्ता को स्वीकार कर चुकी है।

प्राचार्य नवनीत सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के मानसिक संतुलन और एकाग्रता को बढ़ाने में योग का अत्यधिक महत्व है। वहीं प्राचार्य कौशल किशोर जयसवाल ने कहा कि योग जीवन को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है, यह सम्पूर्ण विकास की कुंजी है।
योग सत्र का संचालन विद्यालय के प्रशिक्षित योगाचार्य राजीव कुमार एवं संजय मावंडिया द्वारा किया गया। उन्होंने छात्रों, शिक्षकों और अतिथियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, त्रिकोणासन, सूर्य नमस्कार और प्राणायाम सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। योग के शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में दोनों विद्यालयों के चयनित विद्यार्थियों द्वारा सुंदर योग प्रदर्शन किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को योग के प्रति प्रेरित किया। अंत में उपाध्यक्ष अजय कुमार रुंगटा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक जीवन शैली है, जो तन, मन और आत्मा को स्वस्थ और संतुलित बनाता है।

इस आयोजन में विद्यालय समिति के अन्य सदस्यों के साथ-साथ लायंस क्लब के जिला चेयरपर्सन लायन कमलेश कुमार अग्रवाल, नवगछिया टाउन लायंस क्लब के अध्यक्ष बिनोद चिरानिया, सचिव प्रवीण कुमार केजरीवाल सहित दोनों विद्यालयों के समस्त शिक्षक, शिक्षिकाएं और अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन योग के महत्व को आत्मसात करने के संकल्प के साथ हुआ।












