5
(1)

भागलपुर में बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की तैयारी जोरों पर है। इसी क्रम में सोमवार को भागलपुर के टाउन हॉल में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने 156-भागलपुर, 157-सुल्तानगंज और 158-नाथनगर विधानसभा क्षेत्रों के सेक्टर पदाधिकारियों को विस्तृत ब्रीफिंग दी।

डीएम डॉ. चौधरी ने सेक्टर पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिन मतदान केंद्रों की जिम्मेदारी उन्हें दी गई है, वहां निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करना उनका दायित्व है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में अभी से सक्रिय होकर स्थिति पर नजर रखें और ऐसे व्यक्तियों की पहचान करें जो मतदान प्रक्रिया में बाधा डाल सकते हैं। ऐसे लोगों पर प्रशासनिक रूप से कड़ी निगरानी रखी जानी चाहिए।

डीएम ने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। यदि कहीं कोई कमी रह गई हो तो तुरंत सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। उन्होंने बताया कि मतदान के दिन सभी सेक्टर पदाधिकारी सुबह 4 बजे से ही सक्रिय हो जाएं, पीठासीन पदाधिकारियों से संपर्क स्थापित करें और मॉक पोल की तैयारी सुनिश्चित करें।

उन्होंने निर्देश दिया कि मॉक पोल सुबह 5:30 बजे शुरू कर दिया जाए और मतदान का कार्य सुबह 7 बजे से आरंभ हो। मतदान के दौरान प्रत्येक दो घंटे में पीआरओ एप पर मतदान की संख्या अपलोड की जाए। यदि किसी केंद्र पर मतदान की गति धीमी हो, तो वहां उपस्थित रहकर मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने का प्रयास करें।

डीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि शाम 6 बजे तक यदि किसी मतदान केंद्र पर मतदाताओं की कतार बनी रहे, तो कतार में लगे मतदाताओं को उल्टे क्रमांक की पर्ची देकर शीघ्र मतदान करवाया जाए। मतदान के बाद पोल्ड ईवीएम को वज्रगृह और अनपोल्ड ईवीएम को वेयरहाउस में सुरक्षित पहुंचाना सेक्टर पदाधिकारियों की जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा कि जब तक सभी ईवीएम का सुरक्षित संग्रहण नहीं हो जाता, तब तक सेक्टर पदाधिकारी का कार्य समाप्त नहीं माना जाएगा।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने भी सेक्टर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में 156-भागलपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, 157-सुल्तानगंज की निर्वाची पदाधिकारी-सह-भूमि सुधार उप समाहर्ता सदर अपेक्षा मोदी, 158-नाथनगर के निर्वाची पदाधिकारी-सह-अपर समाहर्ता दिनेश राम तथा प्रशिक्षण कोषांग के नोडल पदाधिकारी-सह-अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था) राकेश रंजन उपस्थित थे। सभी पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से सेक्टर पदाधिकारियों को उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों से अवगत कराया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: