



भागलपुर। इशाकचक थाना क्षेत्र के भीखनपुर गुमटी नंबर 2 के पास छोटी लाइन के किनारे रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण हटाने पहुंचे रेल अधिकारी, आरपीएफ, जीआरपी जवान और स्थानीय पुलिस को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। विरोध इतना बढ़ गया कि अतिक्रमण मुक्त कराने का कार्य बीच में ही रद्द करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, रेलवे की जमीन पर वर्षों से बसे अतिक्रमणकारियों को हटाने के लिए जेसीबी के साथ अतिक्रमण हटाओ दस्ता मौके पर पहुंचा। लेकिन वहां रह रहे लोगों ने जोरदार विरोध शुरू कर दिया। महिलाओं और आरपीएफ की महिला जवानों के बीच हाथापाई तक की स्थिति उत्पन्न हो गई। देखते ही देखते मामला तनावपूर्ण हो गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार मौके पर पहुंचे और रेलवे अधिकारियों से बातचीत की। इसके बाद तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को रोक दिया गया।
एसडीओ विकास कुमार ने बताया कि जमीन रेलवे की है और यहां विकास योजना के तहत सेंटरिंग ज़ोन बनाया जाना है। इसके लिए स्टेशन से लेकर इस इलाके तक दोहरी रेल लाइन बिछाई जानी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की मांगों और उनकी स्थिति पर विचार किया जाएगा और जो संभव होगा उसे जिला प्रशासन पूरा करने का प्रयास करेगा।
रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जमीन रेलवे की है और इसे खाली कराया जाएगा। वहीं, अतिक्रमणकारियों का कहना है कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं और सरकार से उन्हें बसाने की मांग कर रहे हैं।
विरोध तेज होने के कारण अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंचे जेसीबी, रेलवे और पुलिस बल को बिना कार्रवाई किए ही लौटना पड़ा।














