5
(3)

भागलपुर। भागलपुर कोतवाली थाना अंतर्गत स्वर्णिका ज्वेलर्स के मालिक से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने पंजाब के मोहाली से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई नगर-01 के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने की है।

22 जून 2025 को ज्वेलर्स मालिक को मोबाइल नंबर 9798886327 से एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर रंगदारी मांगी थी। जब पीड़ित ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने जान से मारने और लूट की धमकी दी। इस गंभीर मामले में कोतवाली थाना में कांड संख्या 73/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर SIT गठित की गई, जिसमें तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विराज आनंद को मोहाली (पंजाब) से गिरफ्तार किया गया।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पूर्व में मेडिकल छात्र रह चुका है और ऑनलाइन जुए व अत्यधिक व्यक्तिगत खर्चों के चलते कर्ज में डूब गया था। कर्ज चुकाने के लिए वह पटना, सहसराम, पूर्णिया, बक्सर समेत कई जिलों के ज्वेलर्स को फोन कर रंगदारी की मांग कर रहा था।

भागलपुर में रंगदारी मांगते वक्त उसने मधेपुरा निवासी उच्चाकर्षण यादव का नाम लेकर डराने की कोशिश की ताकि पीड़ित जल्दी पैसे दे दे। पुलिस ने बताया कि उसने अन्य स्थानों पर भी इसी तरीके से धमकी देकर उगाही की कोशिश की है।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से वह मोबाइल फोन, चेकबुक, आधार कार्ड और एचडीएफसी बैंक का एटीएम कार्ड बरामद किया है, जिससे रंगदारी कॉल की गई थी। आरोपी ने अपना स्थायी पता सिघेश्वर थाना क्षेत्र, जिला मधेपुरा बताया है।

SIT टीम में कोतवाली थाना प्रभारी अरुण कुमार, एसआई नितिन कुमार, राहुल कुमार, अमय कुमार, सिपाही शशिकांत और कमलेश कुमार शामिल थे।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी किसी गिरोह से जुड़ा है या अकेले ही इन घटनाओं को अंजाम दे रहा था। फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पूछताछ जारी है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 3

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: