



भागलपुर। शाहपुर गांव में ननिहाल आए एक 10 वर्षीय किशोर की छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल होने की घटना सामने आई है। घायल किशोर की पहचान प्रिंस कुमार, पिता अजीत यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से खगड़िया जिला के दुर्गापुर का निवासी है।

मिली जानकारी के अनुसार प्रिंस अपने ननिहाल शाहपुर गांव में रह रहे थे। इसी दौरान वह पक्के मकान की छत पर खेलते समय असंतुलित होकर नीचे गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टर अवसार आलम की देखरेख में प्राथमिक उपचार किया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे जेएलएनएमसीएच, भागलपुर रेफर कर दिया गया है।
अस्पताल में मौजूद उसकी नानी मानो देवी ने बताया कि घटना के समय वह बैंक गई हुई थीं। लौटने पर उन्हें जानकारी मिली कि उनका नाती छत से गिरकर बुरी तरह घायल हो गया है।














