



भागलपुर। पशु तस्करी के खिलाफ भागलपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार ट्रकों में लदे सैकड़ों मवेशियों के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अब तक की सबसे बड़ी मानी जा रही है और इससे पशु तस्करी के पूरे नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
गुप्त सूचना पर भागलपुर के सीनियर एसपी हृदय कांत को जानकारी मिली थी कि झारखंड से भारी संख्या में मवेशियों को तस्करी के लिए सीमावर्ती इलाकों में ले जाया जा रहा है। उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिटी एसपी शुभांक मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया।

टीम ने बाईपास थाना क्षेत्र और लोदीपुर थाना क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान चार ट्रकों को रोका गया, जिनमें सैकड़ों मवेशी ठूंसे हुए पाए गए। पुलिस ने मौके से तीन पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
भागलपुर पुलिस की इस कार्रवाई से तस्करों में भगदड़ मच गई और तस्करी के नेटवर्क में खलबली फैल गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से झारखंड से मवेशियों को लाकर बिहार के सीमावर्ती जिलों में सप्लाई करता था।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। जब्त किए गए ट्रकों और मवेशियों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।













