



भागलपुर — जिले में विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। जिले के कुल 16 प्रखंडों में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अब तक लगभग 87 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इस कार्य को जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने नागरिकों से अपील की है कि वे आखिरी समय का इंतजार न करें और जल्द से जल्द पुनरीक्षण प्रक्रिया में भाग लें। उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान कई ऐसे मतदाताओं की पहचान हुई है जिनका नाम एक से अधिक स्थानों पर मतदाता सूची में दर्ज है, जो चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन है।
साथ ही जिलाधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि कई ऐसे लोग अब तक नामांकन या संशोधन की प्रक्रिया में भाग नहीं ले पाए हैं और अंतिम तिथि यानी 26 जुलाई तक प्रतीक्षा कर रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने स्पष्ट रूप से आग्रह किया है कि लोग तुरंत अपने क्षेत्रीय बीएलओ से संपर्क करें और आवश्यक दस्तावेज जमा करें, ताकि उनका नाम समय पर सही ढंग से वोटर लिस्ट में शामिल किया जा सके।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। इसके लिए पंचायत स्तर पर कैंप, वार्ड स्तर पर बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर संपर्क और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्रों तक डिजिटल और ऑफलाइन माध्यमों से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

डॉ. चौधरी ने मीडिया के माध्यम से नागरिकों से अपील करते हुए कहा, “यह केवल एक कागजी प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र की बुनियाद है। हर नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह सुनिश्चित करे कि उसका नाम वोटर लिस्ट में सही स्थान पर दर्ज हो। कृपया अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते अपने बीएलओ से संपर्क कर दस्तावेज जमा कराएं।”













