



भागलपुर ज़िले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार और समाज को गहरे सदमे में डाल दिया। इस हादसे में भतोड़िया स्कूल के शिक्षक राजवीर कुमार उर्फ जयंत कुमार (उम्र 29 वर्ष), पिता तेज नारायण मंडल की मौत हो गई। मृतक बीपीएससी से चयनित शिक्षक थे और फतेहपुर स्कूल में पदस्थापित थे।

जानकारी के अनुसार, राजवीर कुमार जब स्कूल से घर लौट रहे थे, तभी एक अज्ञात तेज रफ़्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत मायागंज अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सिलीगुड़ी रेफर किया। लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन की तलाश की जा रही है।

राजवीर कुमार की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। उनकी शादी वर्ष 2017 में हुई थी। वह अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। परिवार में दो भाई और दो बहनें भी हैं।
उनके निधन से न केवल गांव बल्कि पूरे शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि राजवीर पढ़ाई-लिखाई में बचपन से ही मेधावी थे और कड़ी मेहनत कर बीपीएससी से शिक्षक पद पर चयनित हुए थे।













