



भागलपुर। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जिले की 2 लाख 16 हजार महिलाओं के खाते में ₹10,000 की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। इस अवसर पर टाउन हॉल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष मिथुन कुमार समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे। टाउन हॉल में जुटी महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऑनलाइन संवाद भी सुना। पीएम के संबोधन ने महिलाओं को उत्साहित किया और जैसे ही मोबाइल पर खाते में राशि आने का संदेश आया, पूरा टाउन हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

महिलाओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह राशि उनके लिए रोजगार का साधन बनेगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनाएगी। एक महिला ने कहा कि अब हमें किसी सहारे की जरूरत नहीं, मुख्यमंत्री ने हमें अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर दिया है। वहीं दूसरी महिला ने इच्छा व्यक्त की कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आगे भी बिहार का नेतृत्व करते रहें।

इस अवसर पर महिलाओं का उत्साह और प्रधानमंत्री से मिले संवाद ने योजना को और प्रभावी बना दिया। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना न केवल आर्थिक सहयोग प्रदान कर रही है बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का मार्ग भी प्रशस्त कर रही है।













