5
(1)

भागलपुर : खेल विभाग, बिहार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जिला प्रशासन भागलपुर द्वारा वार्षिक खेल कार्यक्रम 2025-26 के तहत जिलास्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 8 से 11 अक्टूबर तक किया जाएगा। यह प्रतियोगिता सैंडिस कंपाउंड खेल भवन एवं शहर के विभिन्न खेल स्थलों पर आयोजित होगी। प्रतियोगिता की संशोधित तिथि राज्य में अर्द्धवार्षिक परीक्षा और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक के निर्देश को देखते हुए जिला पदाधिकारी भागलपुर के आदेश पर तय की गई है।

जिला खेल पदाधिकारी जयनारायण कुमार ने बताया कि विद्यालय 4 अक्टूबर तक अपना पंजीकरण जिला खेल पदाधिकारी कार्यालय, खेल भवन (सह व्यायामशाला भवन), तिलकामांझी चौक, भागलपुर में करा सकते हैं। पंजीकरण के लिए विद्यालयों को निर्धारित प्रपत्र में छात्रों का विवरण आवश्यक प्रमाण पत्रों के साथ जमा करना होगा।

प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 8 अक्टूबर को सैंडिस कंपाउंड स्टेडियम में आयोजित होगा। इसमें कक्षा 6 से 12 तक के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक ही खेल में हिस्सा लेगा। प्रतियोगिता तीन आयु वर्गों में होगी – अंडर 14, अंडर 17 और अंडर 17ए।

आवेदन पत्र भरना सभी प्रतिभागियों के लिए अनिवार्य है। आवेदन विद्यालय के प्रधान द्वारा नामित शिक्षक या कर्मचारी के अग्रसारित पत्र के साथ ही जमा किए जाएंगे। किसी भी परिस्थिति में विद्यालय से सीधे आवेदन पत्र स्वीकार नहीं होंगे। उम्र की गणना 31 दिसंबर 2025 के आधार पर की जाएगी। सभी खिलाड़ियों को आधार कार्ड और पिछले वर्ष का अंक प्रमाण पत्र की प्रति आवेदन पत्र के साथ लगाना अनिवार्य होगा।

टीम खेलों में, क्रिकेट को छोड़कर पूरी टीम के आवेदन पत्र स्वीकार किए जाएंगे। क्रिकेट के खिलाड़ियों का चयन स्थल पर चयन ट्रायल के माध्यम से किया जाएगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए कई समितियां गठित की गई हैं। वर्तमान में खेल भवन में पंजीकरण का कार्य प्रारंभ हो चुका है और अब तक लगभग 3000 खिलाड़ियों के आवेदन जमा किए जा चुके हैं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: