



भागलपुर में बीती रात बाईपास थाना पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 69 मवेशियों को बरामद किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने दो वाहनों को रोककर उनमें लदे मवेशियों को जब्त किया। मौके से वाहन चालक, खलासी समेत कुल छह लोगों को हिरासत में ले लिया गया है।

इस पूरे मामले को लेकर विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीश कुमार ने मंगलवार को बाईपास थाना परिसर में प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम को मवेशियों की अवैध ढुलाई की सूचना मिली थी, जिसके बाद थाना प्रभारी प्रभात कुमार के नेतृत्व में तत्काल कार्रवाई की गई और दोनों वाहनों को पकड़ लिया गया।

डीएसपी नवनीश कुमार ने कहा कि शुरुआती जांच में यह मामला संगठित तस्करी का प्रतीत होता है। हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ जारी है, साथ ही तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। बरामद सभी मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।
डीएसपी ने स्पष्ट कहा कि मवेशी तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जिले में इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।














