



बरौनी/भागलपुर : 23 बिहार बटालियन एनसीसी, भागलपुर द्वारा कैंप कमांडेंट कर्नल रितेश मोहन के नेतृत्व में ओटीसी बरौनी में 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में 500 से अधिक कैडेट्स विभिन्न बटालियनों से शामिल होकर उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण ले रहे हैं। कैडेट्स ड्रिल, फील्डक्राफ्ट, मैप रीडिंग, हथियार प्रशिक्षण, आपदा प्रबंधन और बेसिक मिलिट्री कौशल जैसी गतिविधियों में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

दिनांक 8 दिसंबर 2025 को ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर अरुण उणियाल ने कैंप का निरीक्षण किया। उनके आगमन पर कैडेट्स ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया, जिसके बाद कर्नल रितेश मोहन ने उनका औपचारिक स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान ब्रिगेडियर उणियाल ने कैडेट्स की लाइन, मेस, प्रशिक्षण क्षेत्र, स्वच्छता व्यवस्था और शिक्षण प्रक्रिया का गहन अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता को उत्कृष्ट बताते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और देश-सेवा की भावना को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है।

कैंप का फ्लैग एरिया विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जहां कैडेट्स द्वारा तैयार किए गए मॉडल, पेंटिंग, चार्ट और प्रोजेक्ट्स ने सभी का ध्यान खींचा। ब्रिगेडियर उणियाल ने कैडेट्स के रचनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए कई प्रतिभागियों को ‘बेस्ट परफॉर्मेंस’ सम्मान से पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर सूबेदार मेजर सुरेश कुमार, ANO लेफ्टिनेंट राजेश कुमार, प्रशिक्षण अधिकारी लेफ्टिनेंट विकास पांडे, ANO विकास कुमार और CTO स्वाति सुरभी भी उपस्थित रहे और कैंप के संचालन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
निरीक्षण के बाद ब्रिगेडियर अरुण उणियाल ने कैडेट्स के अनुशासन, ऊर्जा और तैयारी की प्रशंसा की। कर्नल रितेश मोहन ने उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से कैडेट्स के उत्साह में बढ़ोतरी होने की बात कही।















