



भागलपुर के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र में रविवार को ताबड़तोड़ फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बाइक सवार अपराधियों ने मुरारी यादव पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल मुरारी यादव को तत्काल इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने मुरारी यादव पर तीन राउंड फायरिंग की और घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जांच में इस घटना के पीछे भूमि विवाद को कारण माना जा रहा है। मुरारी यादव बायपास थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही मधुसूदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इसके बाद भागलपुर सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। सिटी एसपी ने बताया कि गोलीबारी के कारणों को लेकर गहन जांच की जा रही है और फिलहाल स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

इधर, घायल मुरारी यादव के भाई ने आरोप लगाया है कि मुरारी यादव चाय की दुकान पर बैठा हुआ था, तभी अशोक यादव, राकेश पाल और आशीष यादव वहां पहुंचे और उस पर गोली चला दी। पुलिस आरोपियों की पहचान के आधार पर लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।













