



भागलपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश में मिलेट्स यानी पोषण युक्त अन्न के उत्पादन पर जोर देने के बाद, बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर, भागलपुर के कृषि वैज्ञानिकों ने रागी और ज्वार से बने नूडल्स को न्यूट्री टिफिन बॉक्स के रूप में लॉन्च किया है।
बीएयू के कुलपति डॉ. डी.आर. सिंह ने बताया कि इस उत्पाद को बाज़ार तक पहुँचाने के लिए सरकार से सहयोग की अपील की जाएगी, ताकि बिहार की जीविका दीदियों के माध्यम से इसका व्यापक प्रसार हो सके। इसके साथ ही, स्कूलों में मिड-डे मील में भी ज्वार और रागी से बने नूडल्स जैसे न्यूट्री टिफिन बॉक्स का इस्तेमाल किया जा सके। उच्च पोषण और फाइबर की प्रचुरता के कारण यह बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों के लिए अत्यंत लाभदायक है।

उसी अवसर पर बीएयू के वाइस चांसलर डॉ. सिंह ने खजूर से बने नीरा की बोतल का भी प्रदर्शन किया, जिसकी लॉन्चिंग बिहार के राज्यपाल के हाथों हुई। उन्होंने बताया कि बिहार में 1 करोड़ से अधिक ताड़ और खजूर के पेड़ हैं, और पासी समाज की संख्या भी 10 लाख से अधिक है। इसके माध्यम से उन्हें जीविका का नया साधन मिलेगा, साथ ही नीरा के औषधीय गुणों का लाभ भी उपयोगकर्ताओं को प्राप्त होगा।

कुलपति ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान नूडल्स और नीरा का स्वाद मीडिया को भी चखाया और बताया कि आने वाले समय में पटना एयरपोर्ट और पूर्णिया एयरपोर्ट जैसी प्रमुख जगहों पर मिलेट्स उत्पादों और नीरा का स्टॉल लगाने की योजना बनाई जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री के बिहार कृषि विश्वविद्यालय आगमन की संभावना है। बीएयू के कृषि वैज्ञानिकों ने इस यात्रा के लिए पहले से ही तैयारियाँ शुरू कर दी हैं और आगामी कार्यक्रमों में न्यूट्री टिफिन बॉक्स और नीरा उत्पादों का व्यापक प्रदर्शन करने की योजना है।













