


नवगछिया । कटिहार-बरौनी रेलखंड के बिहपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार रात करीब 8 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर आरपीएफ पोस्ट के सामने रेल ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आने से एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक महिला की पहचान खगड़िया जिले के मोरकाही थाना क्षेत्र के मधुरा ग्राम निवासी मसो रुआवजा खातून (29 वर्ष) पत्नी मरहूम असलम आलम के रूप में की गई है। बिहपुर रेल जीआरपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और शिनाख्त के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका बिहपुर जमालपुर स्थित अपनी बीमार बहन से मिलने के लिए जा रही थी। वह किसी ट्रेन से उतरकर प्लेटफॉर्म संख्या-1 से प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर जाने के लिए रेल ट्रैक पार करने लगी। उसी समय डाउन लाइन से गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आ गई।
बताया गया है कि प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी पर तैनात जीआरपी ने महिला को रेल ट्रैक पार करने से रोका था, लेकिन महिला ने पुलिसकर्मियों की चेतावनी को अनसुना किया और प्लेटफॉर्म से नीचे उतरकर रेल ट्रैक पार करने लगी, जिससे वह मालगाड़ी की चपेट में आ गई।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के भाई शमशाद एवं अन्य परिजन रोते-बिलखते अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचे। हादसे में महिला का शव कई टुकड़ों में कटकर पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
बिहपुर रेल जीआरपी थानाध्यक्ष सुदामा पासवान ने बताया कि मालगाड़ी की चपेट में आने से महिला की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। रेल जीआरपी थाना में यूडी केस दर्ज कर मामले की अग्रतर जांच की जा रही है।












