


नवगछिया पुलिस के खरीक थाना क्षेत्र के रामगढ़-लगदहा 14 नंबर सड़क पर गुरुवार रात करीब 8 बजे तेज रफ्तार की वजह से उजले रंग की टीयैगो कार (नंबर बीआर 10 एएम 6105) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में उतर गई और सामने लगे पेड़ से टकराकर पलट गई। इस हादसे में कार चालक सहित चार व्यक्ति घायल हुए, जिसमें एक व्यक्ति रंजीत के रूप में खरीक पीएचसी पहुंचते ही इलाज से पूर्व ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान खरीक थाना क्षेत्र के चैती दुर्गा स्थान निवासी पप्पू कुमार (42 वर्ष) पुत्र प्रकाश मोदी के रूप में हुई।
मिली जानकारी के अनुसार कार सवार चार दोस्त नववर्ष के अवसर पर पार्टी मनाने जा रहे थे। पप्पू कुमार अपने मित्रों के साथ कार में सवार थे। रामगढ़ से लगदहा एनएच-31 जाने वाली 14 नंबर सड़क पर कार तेज गति से चल रही थी, जिससे चालक का नियंत्रण टूट गया। कार सीधे 4 फीट गहरे गड्ढे में उतरकर मोटे पेड़ से टकराई और पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर दब गया।
हादसे के बाद कार में सवार अन्य दोस्तों ने घायल पप्पू को छोड़कर मौके से भाग गए। खरीक पुलिस ने एक चौकीदार की मदद से पप्पू कुमार को उठाकर अनुमंडल अस्पताल भेजा, जहां पहुंचते ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। नववर्ष की खुशियों का माहौल पल भर में मातम में बदल गया।
पप्पू कुमार तीन भाई और दो बहनों में बड़े थे। वह खरीक बाजार में मिठाई की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके दो पुत्र राज और रिमांस तथा दो पुत्रियां रिया और रिपु सभी पढ़ाई कर रहे हैं। पत्नी अमृता कुमारी, मां उषा देवी, पिता और भाई-बहनों का रो-रोकर हाल बुरा है।
परिवार ने इस हादसे को संदेहास्पद बताते हुए हत्या का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार तीन वर्ष पूर्व पप्पू कुमार की मिठाई दुकान पर अपराधियों ने गोलाबारी कर हत्या की कोशिश की थी, जिसमें वह बाल-बाल बचे थे। हादसे वाली कार खरीक के गनेशपुर निवासी शंभु साह उर्फ बंगटा की बताई जा रही है। घटना के दिन संध्या करीब 5:30 बजे शंभु साह और बगरी निवासी मंकेश्वर ने पप्पू को पार्टी मनाने के लिए बुलाकर कार में बिठाया।
यातायात थाना अध्यक्ष सुजीत वारसी ने बताया कि सड़क हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हुई और अन्य घायल हैं। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। दुर्घटनाग्रस्त कार को पुलिस ने जप्त कर लिया है। परिजनों की ओर से किसी प्रकार का आवेदन नहीं मिला है, मामले की जांच जारी है और आवेदन मिलने पर जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा नववर्ष की खुशी के बीच हुआ, जिससे परिवार और क्षेत्र में गहरा शोक और सदमा फैला है।













