



नवगछिया । झंडापुर थाना क्षेत्र स्थित एनएच-31 पर दयालपुर चौक के पास शनिवार रात करीब 10 बजे बस और ट्रक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में बस चालक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक बस चालक की पहचान बेगूसराय जिले के भगवानपुर प्रखंड के हरिकचक गांव निवासी लगभग 50 वर्षीय रमाकांत सिंह के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक बेगूसराय जिले के चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र के रामपुर घाट निवासी संतोष सहनी बताए जा रहे हैं।

हादसे में दोनों वाहनों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस चालक रमाकांत सिंह स्टेयरिंग के बीच बुरी तरह फंस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही झंडापुर थानाध्यक्ष पुअनि प्रशांत कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और घायल ट्रक चालक को उपचार के लिए अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया भेजा।
दुर्घटना के बाद बीच सड़क पर दोनों क्षतिग्रस्त वाहन फंसे रहने से सड़क पर लंबा जाम लग गया। क्रेन की मदद से वाहनों को अलग कर किनारे लगाए जाने के बाद करीब डेढ़ घंटे में आवागमन बहाल हो सका। ट्रक चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, रमाकांत सिंह बिहार विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद बीएसएफ जवानों को बागडोगरा छोड़कर बेगूसराय लौट रहे थे। लौटते समय जैसे ही बस दयालपुर चौक के पास पहुंची, सामने से आ रहे ट्रक से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रमाकांत सिंह के पास खुद को बचा पाने का कोई अवसर नहीं रहा और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। रमाकांत सिंह दो पुत्री और एक पुत्र के पिता थे। पत्नी और बच्चे उन्हें याद कर बार-बार बेसुध हो जा रहे थे। परिजनों का कहना है कि रमाकांत परिवार के एकमात्र सहारा थे, उनकी अचानक मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। गांव में भी शोक की लहर है और लोग परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं।
नवगछिया यातायात थानाध्यक्ष सुजीत कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में बस चालक की मौत हुई है। मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जप्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
















