5
(1)

भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत भागलपुर जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए नियुक्त अधिकारियों और कर्मियों को उनके दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है। इस क्रम में कर्तव्य में लापरवाही बरतने के मामले में कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के आमडंडा थाना के अवर निरीक्षक मनोज कुमार पासवान पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी, भागलपुर की ओर से वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि अवर निरीक्षक मनोज कुमार पासवान की प्रतिनियुक्ति एसएसटी (Static Surveillance Team) के रूप में चमखजा (सनोखर) चेक पोस्ट पर की गई थी। लेकिन 3 नवंबर को कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के प्रेक्षक द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान अवर निरीक्षक मनोज कुमार पासवान अपने निर्धारित कर्तव्य स्थल पर अनुपस्थित पाए गए।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि निर्वाचन जैसे अति महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही, कर्तव्यहीनता और उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना गंभीर अपराध की श्रेणी में आती है। इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने वरीय पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिया है कि 24 घंटे के अंदर अवर निरीक्षक मनोज कुमार पासवान से स्पष्टीकरण प्राप्त कर आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई की जाए।

साथ ही, जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने वरीय पुलिस अधीक्षक से यह भी कहा है कि की गई कार्रवाई की जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यदि संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिला तो संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, जिले में नियुक्त सभी कर्मियों को अपने-अपने दायित्वों के निर्वहन में पूर्ण सतर्कता और अनुशासन बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं ताकि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: