5
(1)

भागलपुर। बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को भागलपुर के हवाई अड्डा मैदान में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री का आगमन सुबह 11 बजे निर्धारित है। इस अवसर पर उनके साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई वरिष्ठ मंत्री और एनडीए के शीर्ष नेता मंच साझा करेंगे।

प्रधानमंत्री की इस जनसभा को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों ही स्तरों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बलों की व्यापक तैनाती की गई है, जबकि भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष योजनाएं बनाई गई हैं। हवाई अड्डा मैदान और उसके आसपास के इलाकों में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की लगातार निगरानी जारी है।

भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष साह ने बताया कि प्रधानमंत्री की इस जनसभा में भागलपुर, बांका और नवगछिया के एनडीए प्रत्याशी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा से एनडीए के उम्मीदवारों को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। जनता में जोश और उत्साह का माहौल बनेगा।”

जनसभा को लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह देखा जा रहा है। शहर के प्रमुख मार्गों पर स्वागत बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं। मंच और पंडाल को आकर्षक रूप से सजाया गया है। पार्टी कार्यकर्ता सुबह से ही जनसभा स्थल पर पहुंचने लगे हैं ताकि प्रधानमंत्री के संबोधन को नजदीक से सुन सकें।

जिला प्रशासन ने बताया कि सुरक्षा कारणों से हवाई अड्डा क्षेत्र में प्रवेश केवल पास धारकों को ही मिलेगा। वहीं, जनता के लिए अलग-अलग मार्ग और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं ताकि भीड़ प्रबंधन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

प्रधानमंत्री की यह जनसभा बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए के लिए एक बड़ा राजनीतिक संदेश मानी जा रही है। भाजपा और जदयू कार्यकर्ताओं का दावा है कि इस रैली के बाद चुनावी माहौल पूरी तरह एनडीए के पक्ष में हो जाएगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: