



नवगछिया। गोपालपुर प्रखंड के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धरहरा में अब गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष जांच सेवा शुरू कर दी गई है। पहले इस केंद्र में केवल सामान्य ओपीडी सेवा उपलब्ध थी, जिसमें सीमित स्तर का इलाज होता था। जिला स्वास्थ्य समिति की पहल और प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत अब यहां गर्भवती महिलाओं को एएनसी (एंटिनैटल चेकअप) विशेष जांच की सुविधा प्रदान की जाएगी।

मंगलवार को इस नई सुविधा का उद्घाटन गोपालपुर चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर सुधांशु कुमार, डॉक्टर हसनैन कबीर, जिला समन्वयक पिरामल डॉक्टर सरताज आलम और स्वास्थ्य प्रबंधक आतिश कुमार राय ने फीता काटकर किया। अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉक्टर हसनैन कबीर ने बताया कि यह सुविधा खासकर आसपास के गांवों की गर्भवती महिलाओं के लिए शुरू की गई है।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का मुख्य उद्देश्य जच्चा और शिशु सुरक्षित दर को बढ़ाना है। इसके तहत खून की जांच और अन्य जरूरी जांच के दौरान हायरिस्क गर्भवती महिलाओं को एम्बुलेंस सेवा देकर अनुमंडल स्तर पर विशेष जांच और उपचार की सुविधा दी जाएगी। प्रत्येक गर्भवती महिला की महीने में तीन बार जांच की जाएगी।

गोपालपुर प्रखंड की अधिकांश गर्भवती महिलाएं पहले दूर-दराज से जांच के लिए सीएचसी गोपालपुर आती थीं, जिससे वहां काफी भीड़ रहती थी। अतिरिक्त उप स्वास्थ्य केंद्र धरहरा में इस सुविधा के शुरू होने से आसपास के कई गांव की गर्भवती महिलाओं को राहत और सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य कर्मी एएनएम अनिता कुमारी, मनोरमा सिन्हा, संगीता कुमारी, संदीप कुमार, किशोर और कुंदन कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।















