



नवगछिया। गोपालपुर थाना परिसर में बुधवार को थाना अध्यक्ष इंस्पेक्टर मिथलेश कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दशहरा और दुर्गा पूजा के दौरान शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।

बैठक में उपस्थित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पूजा समितियों के अध्यक्षों को थाना अध्यक्ष ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पूजा पंडाल में सीसीटीवी कैमरा अनिवार्य रूप से लगाया जाए और इलेक्ट्रिक वायरिंग सुरक्षित हो। इसके अलावा उन्होंने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान डीजे और अश्लील सांस्कृतिक कार्यक्रम पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा।
थाना अध्यक्ष ने कहा कि शराबियों और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाएगी। इसके तहत संध्या के समय वाहन चेकिंग अभियान और निरोधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि अराजकता या माहौल बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

साथ ही मेला कमेटी से जुड़े सदस्यों से अपील की गई कि मेला क्षेत्र में उत्पन्न होने वाली समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए और सैदपुर व पचगछिया मंदिर के आसपास यातायात सुचारु रूप से चले। उन्होंने मूर्ति विसर्जन की निर्धारित समय सीमा का पालन करने पर भी जोर दिया।
बैठक में थाना दरोगा कृष्ण कन्हैया, भाजपा नेता नितेंद्र सिंह उर्फ गुलाब सिंह, मुखिया अश्वनी कुमार उर्फ गुड्डू, पंचायत सदस्य मनोज रविदास, पूर्व उपमुख्य अयूब अली, राजद प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद चौबे सहित अन्य लोग उपस्थित थे।















