



भागलपुर स्थित तिलकामांझी विश्वविद्यालय परिसर में गुरुवार को छात्र गुटों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान छात्र राजद के विश्वविद्यालय अध्यक्ष लालू यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। लालू यादव ने आरोप लगाया है कि उन्हें फोन कर कैंपस बुलाया गया और वहां उनकी पिटाई कर दी गई। घायल हालत में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कुछ कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप लगा है। आश्चर्य की बात यह रही कि यह घटना विश्वविद्यालय थाना पुलिस और सुरक्षा गार्डों की मौजूदगी में हुई। मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें कई ABVP कार्यकर्ता लालू यादव और उनके साथियों पर हमला करते नजर आ रहे हैं।
छात्र राजद के उपाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि जैसे ही हमारे अध्यक्ष कैंपस पहुंचे, 15–20 ABVP कार्यकर्ताओं ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। फिलहाल लालू यादव का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

विश्वविद्यालय परिसर में पिछले कई दिनों से छात्र राजद और ABVP के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी। दोनों गुट एक-दूसरे पर प्रोविजनल सर्टिफिकेट दिलाने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाते रहे हैं। वहीं, छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. कृष्ण कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और विश्वविद्यालय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। घायल छात्रों का इलाज जारी है और कैंपस की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

















