


नवगछिया ।
साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां फर्जी बैंक पदाधिकारी बनकर साइबर ठगों ने एक व्यक्ति के खाते से एक लाख 85 हजार रुपये की ठगी कर ली। इस संबंध में पीड़ित नवगछिया थाना क्षेत्र के नगरह गांव निवासी कमलेश्वरी पोद्दार ने नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उनका बैंक खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की साउथ कृष्णपुरी शाखा, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश में है। इसी क्रम में उनके मोबाइल फोन पर एक कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को एसबीआई बैंक का अधिकारी बताया। कॉल करने वाले ने कहा कि उनका बैंक खाता बंद होने वाला है और खाता चालू रखने के लिए सत्यापन आवश्यक है। इसके लिए उनके मोबाइल पर एक ओटीपी आएगा, जिसे साझा करने पर खाता चालू हो जाएगा।
ठग की बातों में आकर पीड़ित ने मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी कॉल करने वाले को बता दिया। इसके बाद 29 दिसंबर को जब वह बाजार जा रहे थे और मोबाइल से खाते का बैलेंस जांचा, तो पता चला कि उनके खाते से एक लाख 85 हजार रुपये की निकासी कर ली गई है।
पीड़ित की शिकायत पर नवगछिया थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और साइबर ठगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में बैंक से संबंधित ओटीपी, पिन या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें और संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत सतर्क रहें।














