


भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मतदाता जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 153-गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गोपालपुर प्रखंड के तेलिहारी डिमहा में जीविका दीदियों द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका दीदियां शामिल हुईं। सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) के तहत आयोजित इस अभियान में 80 जीविका दीदियों ने भाग लिया। इस दौरान महिलाओं ने जागरूकता रैली निकाली, रंगोली बनाई, परिचर्चा की और संकल्प सभा का आयोजन किया। सभी ने 11 नवंबर 2025 को मतदान दिवस पर स्वयं मतदान करने और अपने परिवार व पड़ोस के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की शपथ ली।
अभियान के दौरान महिलाओं को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक अधिकारों और मतदाता के रूप में उनकी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया गया। जीविका ग्राम संगठन के माध्यम से चलाए जा रहे इस जनजागरण अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुँचाकर शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना है।














