



भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 157-सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के शाहकुंड प्रखंड स्थित कसवा खेरही पंचायत में नारी सम्मान जीविका महिला ग्राम संगठन की दीदियों ने मतदाता जागरूकता अभियान चलाया।

इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका दीदियां शामिल हुईं। सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (स्वीप) के तहत महिलाओं ने जनजागरूकता रैली निकाली, रंगोली बनाई, परिचर्चा की और संकल्प सभा का आयोजन किया। इस अवसर पर सभी उपस्थित महिलाओं ने 11 नवंबर 2025 को निश्चित रूप से मतदान करने और अपने परिवार व पड़ोस के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की शपथ ली।

अभियान के दौरान जीविका दीदियों ने मतदाताओं को मतदान के महत्व और लोकतंत्र में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बताया कि प्रत्येक मतदाता का एक वोट लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करता है।

ग्राम संगठन की ओर से बताया गया कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी पंचायत स्तर पर जारी रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक मतदाता मतदान केंद्र तक पहुँचें और शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित हो सके।















