



सात आपराधिक मामले पहले से दर्ज
भागलपुर। जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने रंगदारी और हथियारबाजी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई की है। जमीन विवाद के दौरान पिस्टल लहराकर रंगदारी मांगने वाले कुख्यात अभियुक्त छठ्ठु यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, कोला नारायणपुर निवासी गणपत कुमार यादव ने जगदीशपुर थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि छठ्ठु यादव और उसके सहयोगियों ने जबरन उनके खेत में मिट्टी भरने की कोशिश की। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी ने पिस्टल लहराते हुए उनसे रंगदारी की मांग की और जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में जगदीशपुर थाना कांड संख्या 129/25, दिनांक दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। लगातार छापेमारी के बाद पुलिस को सफलता मिली और नामजद अभियुक्त छठ्ठु यादव, पिता स्व. महाबीर यादव, निवासी कोला नारायणपुर, थाना जगदीशपुर, जिला भागलपुर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पहले से सात आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें रंगदारी, मारपीट और धमकी जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक अभय शंकर, पुलिस अवर निरीक्षक अमरजीत कुमार और राकेश कुमार गुप्ता सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। अभियान में बीएसएफ की टीम ने भी सक्रिय सहयोग किया।
पुलिस ने बताया कि फरार अन्य अभियुक्तों की तलाश में छापेमारी अभियान जारी है। अधिकारियों ने कहा कि “कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
















