



भागलपुर : जय माता दी सेवा समिति के बैनर तले श्रद्धालुओं का एक बड़ा जत्था मां वैष्णो देवी की पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए भागलपुर से रवाना हुआ। आनंद विहार जाने वाली विक्रमशिला एक्सप्रेस से जब श्रद्धालु यात्रा पर निकले, तो भागलपुर रेलवे स्टेशन जय माता दी के जयकारों से गूंज उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

समिति के अध्यक्ष विजय शाह और संयोजक डॉ. मृणाल शेखर के नेतृत्व में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 125 से अधिक श्रद्धालु प्रत्येक वर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी 27 दिसंबर को मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रवाना हुए। ट्रेन खुलने से पहले स्टेशन परिसर में श्रद्धालु माता के भजन और गीतों पर झूमते नजर आए, जिससे वहां मौजूद अन्य यात्रियों और रेलकर्मियों में भी भक्ति का भाव दिखाई दिया।

श्रद्धालुओं ने बताया कि पिछले 44 वर्षों से लगातार जय माता दी सेवा समिति के माध्यम से यह यात्रा आयोजित की जा रही है। नववर्ष के आगमन से पूर्व माता के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त कर सभी श्रद्धालु नई ऊर्जा और सकारात्मक भाव के साथ पूरे वर्ष अपने-अपने क्षेत्र में कार्य करते हैं।

यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी से भागलपुर सहित पूरे देश और विश्व में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की पहचान और आस्था का केंद्र मां वैष्णो देवी हैं, जिनसे सभी श्रद्धालु अपने और समाज के कल्याण की प्रार्थना करते हैं।
इस पावन यात्रा में वशिष्ठ नारायण सिंह, नीरज कुमार, विवेक ओझा, चंदन मालाकार, रंजीत गुप्ता, अनीता देवी, पूजा देवी, रेखा शर्मा, सुनैना देवी सहित कुल 125 श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं की इस आस्था भरी यात्रा ने एक बार फिर भागलपुर स्टेशन को भक्ति और उल्लास के रंग में रंग दिया।












