



भागलपुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक खौफनाक वारदात का खुलासा हुआ है। तीन दिनों से लापता एक युवक का शव तीन टुकड़ों में बरामद किया गया है। हत्या की क्रूरता इतनी भयावह है कि शव को देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।

मृतक की पहचान मसकन बरारीपुर निवासी संतोष दास के भांजे अभिषेक कुमार के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि अभिषेक 23 दिसंबर से लापता था। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर 24 दिसंबर को नाथनगर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
इसी बीच शाम को पुलिस को सूचना मिली कि राघोपुर पंचायत के शाहपुर पुलिया के पास एक बोरे में कुछ संदिग्ध पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जब बोरा खोला गया, तो अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। बोरे के भीतर अभिषेक का शव तीन टुकड़ों में कटा हुआ था। दोनों हाथ मोटी नायलॉन रस्सी से बंधे हुए थे और शरीर को जैकेट में लपेटकर बोरे में भरा गया था। शव के साथ मिट्टी और बालू भी डाली गई थी, ताकि पहचान और बदबू को छिपाया जा सके।

पुलिस के अनुसार, पहले युवक की गोली मारकर हत्या की गई, इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक मशीन, जिसे हेक्सा ब्लेड बताया जा रहा है, से शव के तीन टुकड़े किए गए। आरोपियों ने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया है कि शव का सिर और पैर गंगा नदी में फेंक दिया गया है, जिसकी तलाश अब भी जारी है।
इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने दो आरोपियों राधे और ऋतिक, दोनों मिर्जापुर निवासी, को गिरफ्तार कर लिया है। इन्हीं की निशानदेही पर शव के हिस्से बरामद किए गए।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और मृतक के परिजन नाथनगर थाना पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और सभी आरोपियों को जल्द से जल्द सामने लाने की मांग की।
इस मामले पर सिटी डीएसपी-2 राकेश कुमार ने बताया कि तीन दिनों से लापता युवक का शव बरामद किया गया है। शव के तीन टुकड़े किए गए थे। दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि सिर और पैर की तलाश जारी है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इस नृशंस घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।













