



15–17 हज़ार लोगों की भीड़ का अनुमान
भागलपुर। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर आगामी दिनों में बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के जयरामपुर गाँव पहुँचेंगे। इस संबंध में जन सुराज भागलपुर जिला प्रभारी डॉ. ग़ाज़ी सरीक अहमद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2025 में “व्यवस्था परिवर्तन” के लक्ष्य के साथ जन सुराज का आंदोलन निर्णायक चरण में है। पीके जयरामपुर हाई स्कूल में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगे।
डॉ. अहमद ने कहा कि पिछले तीन वर्षों की यात्रा में उमड़ी भीड़ यह साबित करती है कि लोग बदलाव चाहते हैं और जन सुराज की बात सुनने के इच्छुक हैं। बिहार की जनता सम्मान और अवसर चाहती है। पलायन मजबूरी है, इसे रोकना होगा। उन्होंने पाँच संकल्पों में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोज़गार को प्राथमिकता देने की बात कही।
उन्होंने कहा कि जन सुराज का चुनाव-प्रतीक शिक्षा ही होगा, क्योंकि यही सबसे बड़ा मुद्दा है। “जिस बच्चे की पीठ पर बस्ता टंग गया, उसे आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।” उनके अनुसार जब तक सरकारी तंत्र में सुधार नहीं होगा, तब तक निजी क्षेत्र के सहयोग से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रति छात्र 864 रुपये में बेहतर शिक्षा का मॉडल लागू किया जाएगा।

रोज़गार सृजन के लिए सीडी रेशियो के माध्यम से युवाओं को 70 प्रतिशत तक ऋण उपलब्ध कराकर उद्यमिता से जोड़ा जाएगा। उन्होंने पूँजी पलायन पर चिंता जताई और कहा कि परिवारों में महिलाओं की बचत विपत्ति में सहारा बनती है। इसलिए आर्थिक सशक्तिकरण प्राथमिकता में शामिल होगा।
कार्यक्रम को लेकर अनुमान जताया गया है कि इसमें 10,000 से अधिक स्थानीय लोग और 5–7 हज़ार बाहरी लोग शामिल होंगे। बिहपुर के भावी प्रत्याशी पंकज झा ने कहा कि जाति–धर्म से ऊपर उठकर बेरोज़गारी और पलायन रोकने के लिए जन सुराज ही बिहार के लिए विकल्प है।
अल्पसंख्यक जिला संयोजक मज़हरुल हक़, जिला अभियान संयोजक इंतसार आलम और चुनाव जिला प्रभारी कुंदन कुमार ने भागलपुर वासियों, विशेषकर मुस्लिम समुदाय से अपील की कि वे जयरामपुर स्कूल पहुँचकर प्रशांत किशोर की बात अवश्य सुनें।














