



नवगछिया । जिले में युरिया की कालाबाजारी और मनमाने दाम वसूली के मामलों को लेकर जिला परिषद अध्यक्ष विपिन मंडल ने सख्त चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा कि किसानों के हक के साथ किसी भी तरह की लूट-खसोट बर्दाश्त नहीं की जाएगी और खाद की कमी का फायदा उठाकर अवैध बिक्री, स्टॉक छिपाने या निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिला परिषद अध्यक्ष ने बताया कि कृषि विभाग, आपूर्ति विभाग और प्रशासन को संयुक्त रूप से नियमित छापेमारी के निर्देश दिए गए हैं। हर दुकान के स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रसीद और निर्धारित मूल्य की जांच की जाएगी। यदि कोई दुकानदार नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसका लाइसेंस रद्द करने के साथ-साथ उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

विपिन मंडल ने स्पष्ट किया कि किसान हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी मेहनत का शोषण किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। समय पर उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि यदि कहीं कालाबाजारी या अधिक मूल्य वसूली की शिकायत हो, तो तुरंत संबंधित विभाग या जनप्रतिनिधियों को सूचित करें, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।
जिला परिषद अध्यक्ष ने यह भी कहा कि इस कदम का उद्देश्य केवल नियमों का पालन सुनिश्चित करना और किसानों को राहत पहुंचाना है, ताकि वे अपने कृषि कार्य में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करें।














