



भागलपुर: असरगंज थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के लगभग 5:00 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। इस हादसे में एक कांवड़िये की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान गोपाल ठाकुर के रूप में हुई है। घायल राज किशोर मंडल को तत्काल असरगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मायागंज स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, छह कांवड़िये तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर सुल्तानगंज से पवित्र जल भरकर बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) जलाभिषेक के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक चार-चक्का वाहन ने एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गोपाल ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राज किशोर मंडल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
चिकित्सकों के अनुसार, घायल को अत्यधिक रक्तस्राव हुआ है, जिससे उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें मायागंज अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही असरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना की जांच तथा कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।













