



भागलपुर। कटिहार जिले के बरारी थाना अंतर्गत बकिया दियारा से एक नाबालिग लड़की के शादी की नीयत से अपहरण का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता विजय मंडल ने इस संबंध में मधुसूदनपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
परिजनों के अनुसार, 27 जून की शाम करीब 6 बजे वे अपनी बेटी को एक लड़का दिखाने के लिए बकिया दियारा ले गए थे। वहां पहले से मौजूद पिंटू यादव, पिता रामदेव यादव, जो आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति बताया जा रहा है, उनकी बेटी को अपने घर ले गया और जबरन शादी का दबाव बनाने लगा।
विरोध करने पर पिंटू यादव ने लड़की की भाभी और उसके भाई को डांट-फटकार कर वहां से भगा दिया। पीड़िता के पिता का आरोप है कि इस पूरी घटना में उसकी बहू, बहू का भाई और पिंटू यादव की मिलीभगत है।
बताया गया कि नाबालिग को एक शादी समारोह के बहाने उसकी भाभी अपने साथ ले गई थी, जहां पहले से बातचीत तय थी। बाद में भाभी का भाई, उसका दोस्त और उसकी मां लड़की को कपड़े दिलाने के बहाने अपने साथ ले गए, जिसके बाद पिंटू यादव ने लड़की को अपने पास रख लिया।

परिजनों को आशंका है कि बेटी के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। काफी तलाश के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो पिता ने 1 जुलाई को मधुसूदनपुर थाना में एफआईआर दर्ज कराई और बेटी की सकुशल बरामदगी की मांग की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि अब तक नाबालिग लड़की का कोई पता नहीं चल पाया है।













