



दो की हालत गंभीर, मायागंज भागलपुर रेफर
नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत खरीक थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए। यह हादसा एनएच-31 पर खरीक प्रखंड मुख्यालय के समीप उस समय हुआ जब एक तेज़ रफ्तार सीएनजी टेंपो (संख्या बीआर 34 पी 6809) और बाइक (संख्या बीआर 10 एयू 4980) की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे के बाद टेंपो सड़क किनारे पलट गया और उसमें सवार छह में से चार यात्री घायल हो गए, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार बाइक ने सामने से आ रहे टेंपो को टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहन अनियंत्रित होकर गिर पड़े। टक्कर के बाद टेंपो पलट गया और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

घायल यात्रियों में खगड़िया जिला अंतर्गत परबत्ता थाना क्षेत्र के भरसो गांव निवासी ललिता देवी (पति राजकुमार सिंह, उम्र 50 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुईं। बाइक सवार युवक की पहचान झंडापुर निवासी राजकुमार सिंह (पिता झींगों मंडल) के रूप में हुई है। बाइक पर सवार उसका एक साथी जितेंद्र हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही खरीक थाना पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उठाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, खरीक पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मायागंज, भागलपुर रेफर कर दिया।
पुलिस ने दुर्घटनास्थल से क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है। वहीं, सीएनजी टेंपो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर एनएच-31 पर स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
खरीक थानाध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक नरेश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो को मायागंज रेफर किया गया है। सभी घायल अब खतरे से बाहर हैं। मामले की जांच की जा रही है।













