



भागलपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वन प्रमंडल, भागलपुर द्वारा अरण्य बिहार, सुंदरवन परिसर में योग शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वन प्रमंडल पदाधिकारी श्वेता कुमारी ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल आसनों का अभ्यास नहीं, बल्कि यह एक जीवनशैली है, जो अनुशासन, एकाग्रता और आत्मचिंतन की शिक्षा देती है।
उन्होंने कहा कि योग तन के साथ-साथ मन और मस्तिष्क को भी स्वस्थ रखने में सहायक होता है। यह हमारी आंतरिक ऊर्जा को जाग्रत करता है और भावनात्मक रूप से हमें सशक्त बनाता है।

योगाभ्यास प्रशिक्षक नीरज कुमार के निर्देशन में संपन्न हुआ। योग शिविर की सफलता के लिए वन प्रमंडल पदाधिकारी श्वेता कुमारी द्वारा प्रशिक्षक नीरज कुमार को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के उपरांत कृषि वानिकी योजना के तहत 10 हजार से अधिक पौधों की बिक्री करने वाले वन कर्मियों को सम्मानित किया गया। क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक, भागलपुर सुधीर कुमार एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी श्वेता कुमारी ने संयुक्त रूप से वनपाल पूनम कुमारी, वनरक्षी बेबी कुमारी एवं वनरक्षी सोनी कुमारी को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।

इस अवसर पर वनों के क्षेत्र पदाधिकारी रूपम कुमार सिंह, अमित कुमार, सभी वनपाल, वनरक्षी एवं अन्य वनकर्मी उपस्थित थे।













