



नवगछिया । खरीक थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्चे की गुमशुदगी और हत्या मामले का खरीक पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में सफल उद्भेदन कर लिया। पुलिस ने इस कांड में शामिल दो अभियुक्तों — रामू कुमार और नितीश कुमार — को गिरफ्तार कर लिया है। इनके निशानदेही पर बच्चे का शव, घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार (कचिया) और मृतक की कॉपी-किताब व चप्पल सड़क किनारे झाड़ी से बरामद की गई।

घटना शुक्रवार, 7 नवंबर की रात करीब नौ बजे की है, जब झांव गांव निवासी वशिष्ट साह ने खरीक थाना में लिखित आवेदन देकर बताया कि उनका 12 वर्षीय पुत्र कोचिंग पढ़ने गया था लेकिन घर वापस नहीं लौटा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देश पर तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कुछ ही घंटे में दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने बच्चे की हत्या कर शव को झाड़ियों में छिपाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर शव और हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया।
सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) नवगछिया घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी रामू कुमार मृतक की बहन का पीछा किया करता था। इस बात की जानकारी मृतक ने अपने पिता को दी थी, जिससे दोनों परिवारों में पहले विवाद हुआ था। इसी रंजिश और आक्रोश में रामू ने अपने साथी नितीश के साथ मिलकर सुनसान स्थान पर बच्चे को बुलाया और धारदार हथियार से उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने शव को झाड़ियों में छिपा दिया।
पुलिस ने शव का विधिवत पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। थानाध्यक्ष खरीक ने बताया कि विधि व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। इस संबंध में खरीक थाना कांड संख्या 338/25 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
















