



भागलपुर जिला अंतर्गत कहलगांव प्रखंड के सनोखर थाना क्षेत्र के कुशाहा गांव में रविवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर मोहम्मद शमीम की मौत हो गई। बताया जाता है कि शमीम अपने चार–पांच दोस्तों के साथ गांव के पश्चिमी बहियार इलाके में नहाने गया था। हाल के दिनों में लगातार बारिश के कारण वहां बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी।

नहाते समय शमीम अचानक पानी के तेज बहाव और गहरे हिस्से में चला गया। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी में डूब गया। दोस्तों के शोर मचाने पर गांव के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से शमीम को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही धुआवै पंचायत के मुखिया आशिष कुमार मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात की। शमीम के परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और बताया कि मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार उसका अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा। मुखिया ने अपनी ओर से पीड़ित परिवार को ₹3,000 की आर्थिक सहायता दी।
वहीं सनोखर थाना प्रभारी रणतेज भारती ने बताया कि घटना की कोई आधिकारिक सूचना अभी तक थाने को नहीं दी गई है। किशोर की असमय मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मोहम्मद शमीम की मृत्यु से न सिर्फ उसका परिवार, बल्कि पूरा गांव गहरे सदमे में है।













