



नवगछिया: बिहार सरकार के मद्य निषेध अभियान के तहत नवगछिया पुलिस ने बुधवार को इस्माइलपुर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ले जाई जा रही विदेशी शराब की बड़ी खेप जब्त की है। गुप्त सूचना के आधार पर जाह्नवी चौक स्थित 14 नंबर सड़क पर वाहन जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार जांच के दौरान झारखंड नंबर की एक पिकअप वाहन (रजिस्ट्रेशन संख्या जेएच 04 एसी 4632) को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें लोड गोल्डन टच 24 अल्ट्रा प्रीमियम इंडियन व्हिस्की के 70 कार्टन में कुल 1560 बोतलें बरामद की गईं। जब्त शराब की कुल मात्रा 626.4 लीटर बताई गई है।


पुलिस ने मौके से वाहन चालक रजौन थाना क्षेत्र के चकसफीया निवासी डब्लू कुमार, पिता वरुण यादव को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी प्राप्त करने की कोशिश की जा रही है।
इस मामले में इस्माइलपुर थाना में कांड संख्या 133/25 के तहत बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30 (ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।













