5
(1)

नवगछिया: रंगरा प्रखंड के कलबलिया धार क्षेत्र में कोसी नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि होने से बाढ़ का पानी खेतों में घुस गया है। इससे क्षेत्र के निचले और तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का असर साफ दिखने लगा है। सैकड़ों एकड़ में लगी मक्का, मूंग और सब्जियों की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है। स्थानीय किसानों के अनुसार इस आपदा से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार कटिहार जिले के कटरिया गांव के पास से कोसी नदी का पानी कलबलिया धार की ओर तेजी से फैल गया, जो खेतों तक पहुंच गया। पानी खेतों में इस कदर भर गया कि खड़ी फसलें पूरी तरह डूब गईं। नदी किनारे बसे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है।

कोसी और गंगा, दोनों नदियों के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे इलाके के लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीण अपने मवेशियों को लेकर सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की ओर पलायन करने लगे हैं।

स्थानीय प्रशासन की ओर से अब तक किसी प्रकार की राहत या बचाव कार्य की कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे लोगों की चिंता और भी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तुरंत स्थिति का जायजा लेकर राहत कार्य शुरू करने की मांग की है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: