



नवगछिया पुलिस जिला के भवानीपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर जहाज घाट पर शुक्रवार सुबह गंगा स्नान के दौरान दस वर्षीय एक बच्ची की डूबने से मौत हो गई। मृतका की पहचान खरीक थाना क्षेत्र के सुरहा वार्ड संख्या 11 निवासी संजय साह की पुत्री रिया कुमारी (10) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, छठ महापर्व को लेकर रिया अपनी दादी और पड़ोस की कई महिलाओं के साथ सुबह लगभग 10 बजे स्नान करने मधुरापुर घाट पहुंची थी। स्नान के दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चली गई और देखते ही देखते डूब गई। आसपास स्नान कर रहे ग्रामीणों ने तुरंत उसे खोजने का प्रयास शुरू किया। कुछ देर की मशक्कत के बाद बच्ची को पानी से बाहर निकाला गया।

घटना की सूचना मिलने पर भवानीपुर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और बच्ची को इलाज के लिए नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने रिया को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया।
दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतका के घर में चीख-पुकार मच गई। दादी बुचो देवी और बड़ी मां इंदु देवी घाट पर ही रो-रोकर बेहोश होने लगीं। घर पर भी मां चंदा देवी, भाई प्रिंस कुमार, बहन अंजली कुमारी और छोटे भाई केशव कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है। रिया चार भाई-बहनों में मंझली थी और प्राथमिक विद्यालय सुरहा में दूसरी कक्षा की छात्रा थी। पिता संजय साह बेंगलुरु में मजदूरी का काम करते हैं, हादसे की खबर सुनते ही वे घर लौटने के लिए निकल पड़े।
भवानीपुर थानाध्यक्ष शंभु कुमार ने बताया कि मामले में यूडी केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासनिक प्रक्रिया के बाद पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
छठ पर्व की तैयारियों के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और मधुरापुर जहाज घाट पर गमगीन माहौल व्याप्त है।
















