



भागलपुर के मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हुसैनपुर पश्चिम टोला में देर रात एक मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आपसी कहासुनी के बाद बदमाशों ने दो युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों की पहचान मोहम्मद फरहान और मोहम्मद बकार के रूप में की गई है।

परिजनों के अनुसार, दो दिन पूर्व पड़ोस में रहने वाले हसन और हुसैन के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद को सुलझाने के बहाने देर रात दोनों युवकों को पानी टंकी के पास बुलाया गया। वहां पहले से घात लगाए आरोपियों ने अचानक चाकू से हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि मोहम्मद बकार के सिर, पेट और पीठ पर कई बार चाकू से वार किया गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बकार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।













