



भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र के गोसाई दासपुर पंचायत अंतर्गत मथुरापुर गांव में बीती रात चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात, पीतल के बर्तन, सिलाई मशीन और कीमती कपड़े सहित कई जरूरी सामान पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़ित गृहस्वामी कंचन कुमारी ने नाथनगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वे अपने पूरे परिवार के साथ नीचे के कमरे में सो रही थीं। सुबह बच्चों को स्कूल भेजने के बाद जब पूजा करने के लिए छत पर पहुंचीं तो देखा कि ऊपर कमरे का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखा गया कि गोदरेज, ट्रंक और बक्से का ताला भी तोड़ा गया है।

चोर गोदरेज से सोने-चांदी के गहने, बक्से से कीमती कपड़े, ट्रंक से पीतल के बर्तन और सिलाई मशीन समेत अन्य सामान चुरा ले गए। कंचन कुमारी ने बताया कि घर के पास लगे सीसीटीवी फुटेज में रात करीब दो बजे कुछ संदिग्ध व्यक्ति घर में घुसते हुए दिखाई दे रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर नाथनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि, अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।













