



भागलपुर में एक सनसनीखेज और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां मोबाइल फोन नहीं देने पर एक युवक ने अपनी प्रेमिका को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। यह घटना सबौर रेलवे स्टेशन की बताई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मद सीटू (21 वर्ष) और मोहम्मद रश्मि खातून (19 वर्ष) की मुलाकात दो वर्ष पूर्व एक शादी समारोह में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया। 4 दिसंबर को मोहम्मद सीटू ने रश्मि को फोन कर भागकर शादी करने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद रश्मि अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई।
दोनों दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में प्रेमी मोहम्मद सीटू ने रश्मि का हाथ छुड़ा लिया और मौके से फरार हो गया। अकेली और परेशान हालत में स्टेशन परिसर में घूमती दिखी रश्मि को आनंद विहार जीआरपी पुलिस ने अपने संरक्षण में लिया और उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन दिल्ली पहुंचे। बाद में प्रेमी भी थाने पहुंचा, जहां कागजी कार्रवाई के बाद सभी को छोड़ दिया गया।

इसके बाद आनंद विहार से भागलपुर लौटने के दौरान ब्रह्मपुत्र मेल ट्रेन में रश्मि की मां, प्रेमी मोहम्मद सीटू और रश्मि एक साथ सवार हुए। जैसे ही ट्रेन सबौर रेलवे स्टेशन पर पहुंची, प्रेमी ने रश्मि से उसका मोबाइल फोन मांगने की कोशिश की। जब रश्मि ने मोबाइल देने से इनकार किया तो प्रेमी ने उसे चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया। इसके बाद प्रेमी भी ट्रेन से कूद गया। घटना के समय रश्मि की मां बाथरूम गई हुई थीं।
घटना की सूचना किसी यात्री ने डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल रश्मि को इलाज के लिए सबौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए परिजन उसे कहलगांव रेफरल अस्पताल ले गए, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
घायल रश्मि ने बताया कि प्रेमी मोहम्मद सीटू शादी का झांसा देकर उसे दिल्ली ले गया था, लेकिन वहां शादी नहीं की और उसे छोड़कर फरार हो गया। जीआरपी पुलिस की मदद से उसने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी थी। वापस लौटने के दौरान सबौर स्टेशन पर मोबाइल को लेकर विवाद हुआ और प्रेमी ने उसे चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।
बताया जा रहा है कि रश्मि खातून, मोहम्मद इम्तिहाज की बेटी है, जबकि आरोपी प्रेमी मोहम्मद सीटू, मोहम्मद कलीम का पुत्र है। दोनों पड़ोसी हैं और पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध में थे। आरोपी प्रेमी दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले भी सबौर रेलवे स्टेशन पर लूटपाट के दौरान बदमाशों द्वारा एक युवक को चलती ट्रेन से नीचे फेंके जाने की घटना हो चुकी है, जिसमें इलाज में देरी के कारण उसकी मौत हो गई थी। परिजनों ने उस समय भी पुलिस पर सहयोग न करने का आरोप लगाया था।
मामले को लेकर जीआरपी थाना अध्यक्ष उमेश प्रसाद से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। फिलहाल घटना को लेकर इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।















