



भागलपुर के मानिकसरकार घाट पर रील बनाने के दौरान एक युवक के गंगा नदी में डूब जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक घाट पर मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था, इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।

युवक को डूबते देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तुरंत उसे बचाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय निवासी रणजीत सोलंकी ने साहस का परिचय देते हुए स्वयं गंगा में उतरकर युवक को तलाशने की कोशिश की, लेकिन गहराई और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

घटना की सूचना मिलते ही जोगसर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तत्काल वरीय अधिकारियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया। एसडीआरएफ द्वारा गंगा नदी में युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
फिलहाल डूबे युवक की पहचान और उसके रहने के स्थान की जानकारी सामने नहीं आ सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद घाट पर भारी भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा घाटों पर सावधानी बरतें और रील या वीडियो बनाने के दौरान सुरक्षा नियमों की अनदेखी न करें। सर्च ऑपरेशन जारी है और युवक की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।















