



नवगछिया । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत मतदाताओं में जागरूकता लाने के उद्देश्य से स्वीप (मतदाता जागरूकता अभियान) कार्यक्रम के अंतर्गत नारायणपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय मधुरापुर बालक में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने मतदाताओं और उनके अभिभावकों को मतदान के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। शपथ में उन्होंने कहा कि “आपका वोट आपकी आवाज़ है। हम सब मिलकर एक मज़बूत और समावेशी चुनावी प्रक्रिया सुनिश्चित करेंगे। आइए, ज़िम्मेदारी से मतदान करने का संकल्प लें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।”

इस अवसर पर रंगोली के माध्यम से भी मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया, जिसमें मतदान करने की अपील वाले संदेश और चित्रों के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में निर्वाचन से संबंधित पर्यवेक्षक, प्रखंड प्रमुख, विद्यालय के शिक्षक, छात्र एवं स्थानीय लोग शामिल हुए। सभी ने मतदाता जागरूकता के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक सिद्ध होते हैं।
इस आयोजन का उद्देश्य पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और आम जनता में यह संदेश देना था कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर एक वोट की अहम भूमिका है।
















