5
(1)

भागलपुर : कहलगांव प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय दीदार कोदवार की छात्राओं ने विद्यालय की प्राचार्या पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए बुधवार को जिलाधिकारी को लिखित आवेदन सौंपा। छात्राओं ने आरोप लगाया है कि प्राचार्या के अनुचित आचरण से विद्यालय का शैक्षणिक माहौल बिगड़ गया है और वे पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित नहीं कर पा रही हैं।

छात्राओं द्वारा दिए गए आवेदन में लिखा गया है कि प्राचार्या अनुराधा कुमारी शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ अपमानजनक भाषा का प्रयोग करती हैं और अक्सर विद्यालय में देर से आती हैं। साथ ही, वे कक्षाओं के संचालन में लापरवाही बरतती हैं, जिससे शिक्षण कार्य गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्राचार्या का व्यवहार छात्रों के प्रति अनुचित रहता है, जिसके कारण विद्यालय परिसर में भय और असहजता का माहौल बन गया है। छात्रा खुश्बू कुमारी ने बताया कि उन्होंने और उनकी सहपाठिनों ने कई बार इस व्यवहार को सहने की कोशिश की, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। अंततः, उन्होंने सामूहिक रूप से डीएम से हस्तक्षेप की मांग की ताकि विद्यालय का वातावरण सामान्य हो सके।

छात्राओं ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर प्राचार्या के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए। उन्होंने अपनी शिकायत की एक प्रति जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को भी भेजी है। छात्राओं ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन का सहारा लेने को विवश होंगी।

इस दौरान खुश्बू कुमारी, सन्ध्या कुमारी, खुशी कुमारी, सिमरन कुमारी, भावना कुमारी, भारती कुमारी और मौसम कुमारी सहित कई छात्राएं उपस्थित रहीं। वहीं, जिलाधिकारी ने छात्राओं को आश्वस्त किया है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: